
Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के घोस्टो बिहारी लेन निवासी सत्यम कुमार को नगर थाना पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार सत्यम कुमार आर्म्स एक्ट एवं रंगदारी से जुड़े एक मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और मामले का अप्राथमिक अभियुक्त था।

जानकारी के अनुसार यह मामला स्थानीय दुकानदार श्रवण कुमार गुप्ता द्वारा दर्ज 04 जुलाई 2023 को दर्ज कराया गया था। मामले में कहा गया था कि एसबी राय रोड स्थित पुराने ग्रामीण बैंक के सामने ठेला एवं दुकान लगाने वाले दुकानदारों से कुछ युवक हथियार के बल पर रंगदारी की वसूली करते थे।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि राजा, दीपक गुप्ता, अशोक राउत का पुत्र तथा एक अज्ञात युवक पिस्टल और चाकू लेकर दुकानों पर पहुंचते थे और प्रत्येक दुकानदार से 300 रुपये रंगदारी की मांग करते थे। मामले में यह भी उल्लेख किया गया था कि आरोपित युवक दुकानदारों को गोली मारने की धमकी देते हुए प्रतिदिन पैसे वसूलते थे।
इससे सभी दुकानदार भयभीत थे और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। मामले को लेकर दुकानदारों ने सामूहिक रूप से थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी तथा आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की थी।
इसी कांड में पुलिस द्वारा लगातार फरार आरोपितों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे सत्यम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


