Deoghar News : देवघर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारठ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 3 जून 2026 को सारठ थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से कुल 4.97 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

इसके अलावा नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में प्रयुक्त एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (संख्या जेएच15एक्स-2264) भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में दोंदिया गांव, थाना सोनारायठाढ़ी निवासी 21 वर्षीय विष्णु कुमार यादव तथा फुलची गांव, थाना मारगोमुंडा निवासी 20 वर्षीय रोहित कुमार दास शामिल हैं।
दोनों देवघर जिले के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों की संलिप्तता अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में पाई गई है। वहीं गिरफ्तार आरोपी विष्णु कुमार यादव के खिलाफ पूर्व से विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे उसका आपराधिक इतिहास होने की पुष्टि हुई है।
सारठ थाना पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



