
Deoghar: जिले में नकली गुटखा व सिगरेट का कारोबार तेजी से बढ़ रहा। जिसपर लगाम कसने के लिए टीम अब एक्शन मोड में आ गयी है। देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरियारबांधी से भारी मात्रा में नकली गुटखा व सिगरेट बरामद किया गया है।

गुरुवार की सुबह नोडल पदाधिकारी डॉ. राजीव और एसडीपीओ पवन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी कर भारी मात्रा में गुटखा बरामद किया गया। नोडल पदाधिकारी डॉ. राजीव ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में बस के जरिये नकली गुटखा मंगाया जा रहा है। सूचना पर बस स्टैंड पहुंचे। जहां कलकत्ता से आई एक बस से बोरा में सामान उतरा और एक टोटो पर रख बरियारबांधी पहुँचाया गया।


नोडल पदाधिकारी ने बताया कि एसडीपीओ के साथ पूरी टीम टोटो पर नजर रखी हुई थी। टोटो से एक घर में सामान उतारा गया जहां टीम द्वारा छापेमारी की गयी। छापेमारी में पांच बोरा गुटखा और एक बोरा सिगरेट बरामद किया गया। बरामद सभी गुटखा व सिगरेट नकली है।
जिस मकान से ये कारोबार चल रहा था वो मकान राजेश बरनवाल का है। वहीं, ये अवैध कारोबार उत्तम बरनवाल द्वारा किया जा रहा था। जिसमें उत्तम के भाई गौतम बरनवाल की भी सहभागिता है। इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नोडल पदाधिकारी डॉ. राजीव ने बताया कि इस कारोबार के भंडाफोड़ में देवघर पुलिस का काफी सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि इस तरह के धंधे के खिलाफ छापेमारी अभियान अब लगातार जारी रहेगा।


