Ranchi: झारखंड राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की बैठक रविवार को पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक में राजद ने झारखंड में 25 लाख प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है। यह जानकारी रविवार को राजद के झारखंड प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव ने दी। वह रविवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 12 फरवरी को पटना में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई थी। इसमें पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने देश भर में सदस्यता अभियान को तेज गति से शुरू करने को कहा था। इस क्रम में अब झारखंड में भी यह अभियान शुरू किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि जून महीने तक इस काम को पूरा कर लिया जाना है। आज पार्टी कार्यालय में प्रदेश राजद की बैठक हुई थी। इसमें राज्य के सभी जिलों के पार्टी प्रमुख, पदाधिकारी और विभिन्न प्रकोष्ठों से जुड़े नेता भी शरीक हुए। इसमें सदस्यता अभियान को धरातल पर उतारे जाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। आगामी दिनों में अभियान कार्यक्रम में और तेजी की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि कॉन्फ्रेंस में पार्टी महासचिव और पूर्व विधायक भोला यादव, प्रदेश राजद अध्यक्ष संजय सिंह यादव, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, पूर्व विधायक संजय यादव, प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।