
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के भुरभुरा मोड़ स्थित एक किराना दुकान पर कोल्ड ड्रिंक के दाम को लेकर हुए विवाद में दो युवकों के साथ मारपीट और छिनतई किए जाने का मामला सामने आया है।

इस संबंध में जसीडीह थाना क्षेत्र के गिधनी निवासी मिठु महथा तथा रिखिया थाना क्षेत्र के बलसारा निवासी मुकेश महथा ने नगर थाना में मामाला दर्ज कराया है।

मामले में कहा है कि दोनों 9 जून की रात करीब 9:30 बजे प्लंबर का काम कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोरेन पेट्रोल पंप के समीप भुरभुरा मोड़ स्थित शिवानी किराना स्टोर पर कोल्ड ड्रिंक खरीदने के लिए रुके। आरोप है कि 20 रुपये की कोल्ड ड्रिंंक का दाम दुकानदार मुकेश यादव ने 22 रुपये बताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
मामले में कहा है कि विवाद बढ़ने पर दुकानदार मुकेश यादव ने अपने चार अज्ञात साथियों को बुला लिया और सभी ने रॉड व डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि मुकेश यादव ने मिठु महथा के सिर पर रॉड से वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। वहीं मुकेश महथा के माथे और नाक में चोट लगी तथा नाक से खून बहने लगा।
पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान मिठु महथा के गले से करीब 12 हजार रुपये मूल्य की चांदी की चेन और जेब में रखे 1200 रुपये भी छीन लिए गए। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। हो-हल्ला होने पर आरोपी अपाची बाइक से भागने लगे, लेकिन वाहन बंद हो जाने के कारण बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए। मामले में बाइक की संख्या बीआर 46 के 5452 बताया गया है।
घायल मिठु महथा का इलाज सदर अस्पताल, देवघर में कराया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों ने नगर थाना में मामला दर्ज कराकर दुकानदार मुकेश यादव और उसके अज्ञात साथियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


