Deoghar: पटना विजिलेंस (Patna Vigilance) देवघर पहुंची है। यहां एक इंजीनियर के आलिशान घर को निगरानी की टीम ने घेर रखा है। बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम (Bihar Police Building Construction Corporation) के कार्यपालक अभियंता अरुण कुमार सिंह के देवघर स्थित आवास पर पटना विजिलेंस की छापेमारी चल रही है।
मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले के रहने वाले अरुण कुमार सिंह की बिहार के राजगीर में पोस्टिंग है। उन्होंने झारखंड के देवघर में आलीशान घर बनवाया है। कार्यपालक अभियंता अरुण कुमार सिंह ने देवघर में दो करोड़ से ज्यादा खर्च कर आलीशान घर बनवा रखा है। देवघर घर पर ही अरुण का परिवार रहता है। विजिलेंस ने उनके घर को घेर रखा है। घर के अंदर छापेमारी चल रही है।
बिहार में राजगीर के साथ ही झारखंड के देवघर स्थित उनके घर पर छापेमारी कर रही है। पटना से आई टीम इनके घर को सर्च कर रही है। घर के अंदर से कैश के साथ-साथ लाखों रुपए की ज्वेलरी बरामद हुई है। साथ ही कई जमीन के डीड मिले हैं।
बिहार सरकार को कार्यपालक अभियंता के काले कारनामों की सूचना मिली थी। तब से इनके बारे में इनपुट जुटाया जा रहा था। जब पड़ताल में ठोस सबूत हाथ लगे तो 17 फरवरी को पटना में आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कराया गया। पटना की स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार पुलिस कॉर्पोरेशन के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरुण कुमार सिंह के ऊपर अपना शिकंजा कस दिया। छापेमारी के दाैरान उनके घर मिली अकूत संपति को देख विजिलेंस के अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गई।