
Deoghar: देवघर जिले के देवीपुर इलाके में बीती रात अंजाम दिए गए भीषण डकैती कांड ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि, पुलिस की चुस्ती और सख़्ती काग़जी हवा-हवाई से ज्यादा कुछ भी नहीं क्योंकि, पीड़ित ने घटना की जो कहानी बयां की है उसे सुनने के बाद यह साबित हो जाता है कि, रात 10 बजे इलाके के लोग सुरक्षित नहीं।

पीड़ित के मुताबिक, रात 11 बजे जैसे ही परिवार के लोग अपने अपने कमरे में सोने गए अचानक, 6-7 की संख्या में हथियार से लैस नकाबपोश बदमाश घर में दाखिल हो गए और लोहे के रॉड से मारपीट शुरू कर दी और फिर, इत्मीनान से घर मे रखे 10 तोला सोना, 1 किलो चांदी और 80 हज़ार की नगदी समेत अपने काम का सारा सामान लेकर चलते बने।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने फौरन पुलिस को सूचना दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बह गए पानी मे डंडे मारने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं, सूरज की पहली किरण के साथ ही एक बार फिर खाकी अपनी जिम्मेदारी पूरी करने मौके पर पहुंची और पास ही के झाड़ियों से डकैतों के फेंके गए समान को बरामद किया लेकिन, घटना के 12 घँटे से भी अधिक बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ उन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है जिन्होंने बड़ी दुःसाहस के साथ डाक भी डाला और आराम से चलते बने।
ज़ाहिर है अब पुलिस मामले की जांच करेगी, पूछताछ होगी, सबूत जुटाए जएँगे और प्रक्रिया लंबी चलेगी लेकिन, इस बीच इलाके के लोगों के जहन में जो दहशत घर कर गई है उससे बाहर निकालने का जवाब किसी के भी पास नहीं।



