Ranchi: बिहार के पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा कि दो सप्ताह में राजद की झारखंड प्रदेश कमिटी (State committee of RJD) का विस्तार होगा। इस दिशा में काम किया जा रहा है। श्याम रजक सोमवार को राजद के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर प्रदेश राजद के कार्यालय में कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाई गयी।
मौके पर रजक ने कहा कि झारखण्ड में 15 दिनों के अंदर प्रदेश कमिटी का विस्तार किया जायेगा। इसके बाद पूरे प्रदेश में जोरदार कार्यक्रम चलाया जाएगा। पिछली बार नेता प्रतिपक्ष (बिहार) तेजस्वी यादव रांची आये थे। पलामू के छतरपुर में भी ऐतिहासिक कार्यक्रम हुआ था। इसके बाद भंग कमिटी एवं कोरोना के कारण कार्यक्रम प्रभावित हुआ है। जल्दी ही कमिटी विस्तार के बाद फिर से कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
रजक ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने पिछड़े, दलित, आदिवासियों, अल्पसंख्यक वर्ग एवं उच्च वर्ग के गरीबों की लड़ाई के साथ साथ पिछड़ों के लिए नौकरी में 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की लड़ाई को अमलीजामा पहनाने का काम किया था। समाजवादी विचारधारा और सामन्तवादी विचारधारा के बीच अभी भी कटूता है। लेकिन सामन्तवादी शक्तियां आज भी विभिन्न तरीके से सभी जगहों पर, संस्थाओं पर एवं व्यावसायिक गतिविधियों के हथकंडों को अपना कर वर्चस्व बनाने में सक्रिय हैं।
निवर्तमान अध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर को सामंतवादी शक्तियों ने उनकी जाति को आधार बना कर अपमानित किया था। बाद में सभी लोगों को, सभी वर्ग को एक मंच पर वे लाये। बिहार के मुख्यमंत्री बने। बिहार में मंडल कमीशन को लागू किया। उनके अधूरे कार्यों को राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने आगे बढ़ाया।