
देवघर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद देवघर शाखा की ओर से जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया में वृक्षारोपण किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरुआत देवघर विधायक नारायण दास द्वारा की गयी।

जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सिंघल इंडस्ट्रीज कैंपस में भारत विकास परिषद, देवघर के सदस्यों द्वारा दर्जनों पौधे लगाए गए। जिसमें फलदार एवं छायादार वृक्ष शामिल है। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के सदस्यों ने कहा कि आधुनिकता की इस भागदौड़ के बीच धरती पर हर दिन प्रदूषण काफी तेजी से बढ़ता जा रहा है। जिसके दुष्परिणाम समय-समय पर देखने को मिल रहे हैं। पर्यावरण में अचानक प्रदूषण का स्तर बढ़ने से तापमान में भी तेजी देखी जा रही है तो कहीं कहीं पर प्रदूषण के बढ़े हुए स्तर के कारण लंबे समय से बारिश भी नहीं हो पाती। ऐसे में जंगलों को नया जीवन देकर, पेड़-पौधे लगाकर हम पर्यावरण संरक्षण कर सकते हैं। इसी उद्देश्य के साथ यहां पेड़ लगाए गए हैं। साथ ही अन्य लोगों को भी पर्यावरण के प्रति जागरुक किया जा रहा है।

सिंघल इंडस्ट्रीज में लगाए गए वृक्षों का संरक्षण इंडस्ट्रीज के प्रॉपराइटर प्रिंस सिंघल व भारत विकास परिषद की पूरी टीम द्वारा किया जाएगा।

इस मौके पर भारत विकास परिषद के अध्यक्ष इंजीनियर प्रकाश चंद्र सिंह, सचिव राजेश राज सिंह सहित इंजीनियर एसपी सिंह, सुनीता सिंह, रूपा केसरी, रीता राज, प्रीती कुमारी, रिता नाथ सहाय, इंजीनियर अभय कुमार सिंह, आलोक मलिक, प्रिन्स सिंघल, संतोष शर्मा, गोपाल शर्मा और संजय मालवीय मौजूद रहे।


