
Deoghar(Jharkhand): कोविड संक्रमण (Rise In Covid Cases) के लगातार बढ़ते मामलों के असर अब धर्मनगरी देवघर में दिखने लगा है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की तरफ जारी ताजा आंकड़ों ने संक्रमण की रफ़्तार के खतरे को देखते हुए चिंता और बढ़ा दी है। गुरुवार को सामने आए ताज़ा आंकड़ों में 172 नए कोविड संक्रमित मरीज सामने आए हैं जिसके बाद जनवरी के पहले हफ्ते में ही अबतक कुल 528 नए मामले सामने आ चुके हैं।

आपको बता दें कि, देवघर ने लगातार चार दिनों से कोविड के नए मामलों की संख्या तीन अंकों के पार जा रहा है। सोमवार को जहां 102 नए मामले सामने आए थे वहीं मंगलवार को 109, बुधवार को 145 और गुरुवार को 172 नए मामले सामने आए हैं। जिस तरह से लगातार आंकड़ों में इज़ाफ़ा दर्ज की जा रही है, उससे यह साफ है कि, जिले में संक्रमण की रफ्तार लगातार ज़ोर पकड़ रही है।

वहीं दूसरी तरफ बाबा मंदिर में भी लगातार श्रद्धालुओं का आना जारी है। बहरहाल, अगर जल्द ही संक्रमण पर काबू पाने और चेन को तोड़ने को लेकर ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो, धर्मनगरी का कोविड विस्फोट बेहद घातक साबित हो सकता है।



