
रांची: झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) से पंडा धर्मरक्षिणी सभा, देवघर के प्रतिनिधिमंडल ने रांची स्थित झारखण्ड मंत्रालय में मुलाकात की। पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारियों ने बाबा वैद्यनाथ मंदिर (Baba Mandir) में “कोरोना वैक्सीन” ले चुके भक्तों को प्रवेश व जलार्पण करने की अनुमति देने की मांग की है।

पंडा धर्मरक्षिणी सभा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को एक 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा। जिसमें मुख्य रूप से बाबा वैद्यनाथ मंदिर में “कोरोना वैक्सीन” ले चुके भक्तों को प्रवेश व जलार्पण की अनुमति देने की मांग शामिल है।

पंडा धर्मरक्षिणी सभा की मांग

बाबा वैद्यनाथ मंदिर में “कोरोना वैक्सीन” ले चुके भक्तों को प्रवेश व जलार्पण की अनुमति देने की मांग के साथ ही, बाबा वैद्यनाथ मंदिर देवघऱ व बासुकीनाथ मंदिर में तीर्थ पुरोहितों, मंदिर से संबंधित दुकानदारों व व्यवसायियों को आर्थिक पैकेज देने , कोरोना से मृत व्यक्तियो के परिवारों को मुआवजा देने, “लखराज जमीन” की रजिस्ट्री की अनुमति देने , देवघऱ के निर्माणाधीन एयरपोर्ट का नाम “बाबा वैद्यनाथ एयरपोर्ट” रखने की मांग शामिल है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, महामंत्री कार्तिक नाथ ठाकुर, उपाध्यक्षद्वय संजय मिश्रा व मनोज मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।


