
Deoghar News : मोहनपुर प्रखंड की बलथर पंचायत के मुखिया के आवास पर शनिवार को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम ने मोहनपुर स्थित मुखिया के आवास के साथ-साथ बलथर एवं कुण्डा थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर स्थित उनके घर पर भी एक साथ दबिश दी।

बताया गया कि इस संयुक्त कार्रवाई में पटना, धनबाद और देवघर से पहुंची आयकर विभाग की टीम शामिल रही। तीनों स्थानों पर एक साथ शुरू हुई छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच की। कार्रवाई के दौरान संबंधित परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई।


आयकर विभाग की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों की नजरें आयकर टीम की गतिविधियों पर टिकी रहीं। हालांकि, देर शाम तक विभाग की ओर से छापेमारी के कारणों या जांच में क्या मिला, इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई थी।
फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है। अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी उपलब्ध होने के बाद ही कार्रवाई के उद्देश्य और उसके निष्कर्ष स्पष्ट हो सकेंगे।


