रामगढ़: लव जिहाद के मामले में रामगढ़ के वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र के भेलगढ़ा गांव में बुधवार की देर शाम छापेमारी करने पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस पर जमकर पथराव हुआ। उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और शीशे तोड़ दिए। साथ ही आरोपित युवक को भी छुड़ा लिया। सूचना पर पहुंची वेस्ट बोकारो ओपी पुलिस ने रात 12 बजे छापेमारी कर दोबारा आरोपित को गिरफ्तार किया। फिलहाल युवती की बरामदगी नहीं हो पाई है।
यूपी पुलिस इनोवा गाड़ी से सिविल ड्रेस में ही आरोपित को गिरफ्तार करने पहुंची थी। जैसे ही उन लोगों ने युवक को पकड़ा वहां समुदाय विशेष के लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। उन लोगों ने पुलिस के साथ हाथापाई की और उन पर पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक हिंदू लड़की और एक मुस्लिम युवक के बीच प्रेम संबंध था। लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया कि मुस्लिम युवक के बहकावे में लड़की अपने घर से भाग निकली। लड़की के परिजनों ने आजमगढ़ जिला पुलिस कप्तान के समक्ष न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने भी इसे बेहद संवेदनशील मामला माना। उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार युवती और युवक की तलाश कर रही थी। लड़की का परिवार मूलत: बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला है। सहरसा एसपी लिपि सिंह के अनुसार यूपी पुलिस इस मामले में उनके जिले में भी तफ्तीश कर चुकी है।