देवघर: 26 जून को होने वाला देवघर एम्स ओपीडी का उद्घाटन कहीं राजनीतिक मतभेद के भेंट न चढ़ जाये। क्योंकि, उद्घाटन कार्यक्रम में निशिकांत दुबे के सशरीर मौजूदगी पर लगाई गयी पाबंदी पर अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन ने भी आपत्ति जताई है। डॉ. हर्षवर्द्धन ने कह दिया है कि निशिकांत दुबे की गैरमौजूदगी में एम्स ओपीडी का उद्घाटन नहीं होगा।
दरअसल, 26 जून को देवघर एम्स ओपीडी का ऑनलाइन उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन और सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में होना है। जबकि गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे सशरीर उपस्थित होने वाले हैं। लेकिन, डॉ. निशिकांत के मुताबिक उन्हें सत्ता के इशारे पर काम कर रहे देवघर डीसी द्वारा सशरीर उपस्थित होने से रोका जा रहा है।
इस मामले पर बुधवार रात निशिकांत दुबे ने पहला ट्वीट कर देवघर डीसी को बर्खास्त करने की मांग की। तो वहीं, दूसरे ट्वीट में उन्होंने जानकारी दी कि स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने अब यह निर्णय लिया है कि यदि सशरीर देवघर एम्स ओपीडी उद्घाटन में डॉ. निशिकांत की उपस्थिति होगी तो 26 जून को एम्स ओपीडी का उद्घाटन होगा, अन्यथा कार्यक्रम रद्द होगा।
सांसद निशिकांत का कहना है कि राज्य सरकार को आम जनता से कोई लेना देना नहीं है।