मधुपुर (देवघर): मधुपुर नगर परिषद की अध्यक्षा लतिका मुर्मू के कोरोना वायरस की चपेट में आने से असमय निधन के बाद महिनों से पद रिक्त पड़ा है। नगर परिषद अध्यक्ष पद का उपचुनाव अगस्त माह में होने की संभावना है। उपचुनाव की तैयारी को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज हो गई है। शहरी क्षेत्र के विभिन्न 23 वार्डों में 44 मतदान केन्द्रों का विखंडन कर बुनियादी सुविधाओं का आंकलन किया जा रहा है। मतदाता पुनरीक्षण का कार्य शुरू किया जा रहा है।
देश स्तर पर मधुपुर का नाम रौशन किया था लतिका मुर्मू ने
नगर परिषद अध्यक्षा लतिका मुर्मू का जन्म मधुपुर प्रखंड के धमनी पंचायत अंतर्गत कानो गांव में 3 अक्टूबर वर्ष 1948 में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा गांव के विद्यालय में हुई। दुमका के महारो उच्च विद्यालय से वह मैट्रिक पास की। टीचर ट्रेनिंग प्राप्त कर 19 वर्ष की आयु में सरकारी शिक्षिका बनी। इनका जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा। जगदीशपुर मिडिल स्कूल में 41 वर्षों तक शिक्षिका पद पर सेवारत रही। वर्ष 2004 में प्रधानाध्यापिका के पद से सेवानिवृत्त हुई। बैंक अधिकारी संजय कुमार मुर्मू उर्फ गुड्डू इनके इकलौते पुत्र हैं। सरल, सहज स्वभाव और ईमानदारी उनकी खास पहचान थी। झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो शिबू सोरेन गुरुजी और पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के परिवार से उनका गहरा लगाव था। झारखंड मुक्ति मोर्चा के करीबी रहने के कारण वर्ष 2018 में मधुपुर नगर परिषद के अध्यक्ष पद का चुनाव जेएमएम के टिकट से लड़ी। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को करारी शिकस्त देकर मधुपुर नगर पालिका गठन के बाद पहली महिला चेयरमैन बनी। स्वच्छता के मामले में देश स्तर पर मधुपुर नगर परिषद का नाम रौशन कराया। चुनाव में किए होल्डिंग टैक्स में कमी का वादा भी पूरा कराया था।
भाजपा को करारी शिकस्त देकर बनी थी नगर परिषद अध्यक्षा
वर्ष 2018 में नगर परिषद मधुपुर के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को करारी शिकस्त देकर जेएमएम की लतिका मुर्मू ने शानदार जीत दर्ज की थी। जेएमएम कि लतिका मुर्मू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अशोक कुमार गौड़ को 1347 मतों से पराजित किया था । लतिका मुर्मू को कुल 10159 मत प्राप्त हुए थे जबकि भाजपा प्रत्याशी को कुल 8812 मत ही प्राप्त हुए।
वाईएससी ने जीत में निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका
यंग स्पोर्ट्स क्लब मधुपुर ने नप अध्यक्षा लतिका मुर्मू की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके असामयिक निधन पर सभी हतप्रभ रह गए। क्लब के इमरान अंसारी, संजय शर्मा, सतीश शर्मा, सीयाराम राय, मनोहर, कलीम, बालमुकुंद शर्मा, महेश मिश्रा, मधुसूदन राव समेत दर्जनों खिलाड़ी और खेल प्रेमियों ने लतिका मुर्मू की जीत में सक्रिय योगदान किया था। नगर परिषद अध्यक्षा लतिका मुर्मू हमेशा खेल और खिलाड़ियों को उत्साहवर्धन करती रहती थी। क्लब के सदस्यों ने लतिका मुर्मू के इकलौते पुत्र पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी, वर्तमान में बैंक अधिकारी संजय कुमार मुरमू उर्फ गुड्डू को कोरोना महामारी से मां और पत्नी के निधन पर ढा़ढस बंधाया है।