
सारवां (देवघर): रविवार को देवघर-सारठ रोड पर सारवां थाना क्षेत्र के घोरपरास जंगल के पास सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई,जबकि एक महिला सहित तीन अन्य घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक घोरपरास जंगल के पास सड़क किनारे एक-दो ग्रामीण पेड़ काट रहे थे। अचानक पेड़ की डाल का बड़ा हिस्सा टूटकर बीच सड़क पर गिर गया। बारिश भी हो रही थी। तभी वघर से सारठ की ओर जा रही कार और विपरित दिशा से सवारी लेकर देवघर की ओर जा रही ऑटो असुंतलित होकर आमने-सामने टकरा गई।

हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं ऑटो सवार देवघर के कोरियासा मोहल्ला निवासी विकास दास, मेनका देवी व देवीुपर थाना क्षेत्र के रामरायडीह गांव निवासी दीपक सिंह घायल हो गए। घायलों को देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया।
इधर, घटना के बाद ग्रामीणों के जमा होने जाने के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर जाम लग गया। ग्रामीणों ने ये पता लगाने की मांग की है कि पेड़ कौन काट रहा था जिसके कारण ये हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मिलने पर सारवां व कुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और सड़क पर से जाम हटाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे में दोनों ही गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पायी थी। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर रही है।


