
रामगढ़

रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत फैसला स्थित रुंगटा ग्रुप के झारखंड इस्पात प्लांट में एक मजदूर की मौत हो गई। रविवार की सुबह इस मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ किशोर कुमार रजक ने बताया कि मृतक की पहचान बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत चरगी गांव निवासी सनोज कुमार के रूप में हुई है। सनोज झारखंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड प्लांट परिसर में बन रहे पावर प्लांट में काम कर रहा था। इस दौरान वह ऊंचाई पर चढ़कर काम कर रहा था। इसी दौरान हुए हादसे में वह नीचे गिरा और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी सुशील कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना का जायजा लिया। प्लांट में कोई हंगामा न हो इसके लिए मजदूरों को समझाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्लांट प्रबंधन और ठेके पर लगी कंपनी ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।



