Rishikesh: स्थानीय अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए आईसीयू सेवाओं का विस्तारीकरण कर अस्पताल में 200 से अधिक ICU बेड तैयार किए हैं।

इसके अलावा आईसीयू में भर्ती बीमार रोगियों की गुणवत्तापूर्ण देखभाल के लिए भारत में पहली बार टेली-आईसीयू सेवा प्रारंभ की है। इसके लिए संस्थान ने किंग्स कॉलेज, लंदन (केसीएल) के साथ एमओयू किया है।

इस सेवा से एम्स के चिकित्सक एक साथ कई वर्चुअल आईसीयू चला सकते हैं। साथ ही इस सुविधा से ई-आईसीयू और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ संवाद भी स्थापित कर सकेगें।
सोमवार को संस्थान में टेली-आईसीयू सेवाओं का उद्घाटन करते हुए एम्स ऋषिकेश के निदेशक और सीईओ पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत ने कहा कि कोविड रोगियों का समुचित इलाज और उनकी देखभाल हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि मरीजों की स्वास्थ्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञता और सहयोग के लिए इस प्रस्ताव का स्वागत है। उन्होंने इसके लिए दिए गए सहयोग के मद्देनजर केसीएल और ब्रिटिश टेलीकॉम (British Telecom) को धन्यवाद दिया है। साथ ही केसीएल को एम्स ऋषिकेश के साथ साझेदारी करने के लिए आमंत्रित किया है।
जिससे दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में रोगियों की सहायता के लिए कृत्रिम आधार वाला योग्य स्वास्थ्य देखभाल उपकरण विकसित किया जा सके। प्रो. रविकान्त ने कहा कि एम्स ऋषिकेश ने पिछले 3 वर्ष में ऐसे कई अंतरराष्ट्रीय सहयोग विकसित किए हैं।
एम्स ऋषिकेश के डीन एकेडमिक प्रो. मनोज गुप्ता ने रोगियों की देखभाल में नई तकनीक को लागू करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हम केसीएल के साथ मिलकर कार्य करने की आशा करते है। संस्थान के वाइस डीन (इनोवेशन) डॉ. डीके त्रिपाठी ने कोविड महामारी की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए इस तकनीक की सेवा और भूमिका के बाबत विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
संस्थान की टेली आईसीयू सेवा के नोडल अधिकारी डॉ. केएस राजकुमार, डॉ. योगेश बहुरूपी ने इस सेवा में सहयोग के लिए अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर किंग्स कॉलेज, लंदन में सर्जरी के प्रोफेसर प्रोकर दासगुप्ता, डीन अस्पताल प्रशासन प्रोफेसर यूबी मिश्रा, डीन (अंतरराष्ट्रीय मामले) प्रो. सोमप्रकाश बसु, डीन अनुसंधान प्रो. वर्तिका सक्सेना के अलावा किंग्स कॉलेज लंदन से प्रो. लुईस रोज़, डॉ. जोएल मेयर, मिस्टर जोसेफ केसी; ऐटोनिक्स कनाडा से मिस्टर मिशेल पैक्वेट, ब्रिटिश कंम्यूनिकेशन इंडिया के हितेश पांड्या आदि मौजूद थे।
इन्हें भी पढ़ें:
- Ayodhya: राम मंदिर के नए CEO जितेंद्र मिश्रा आज से शुरू करेंगे कामकाज
- बीमार प्रदेश’ की छवि से निकलकर UP बना देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन : CM योगी
- 2026 Asian Games: गोल्ड मेडल जीतने उतरेंगी भारत की बेटियां, श्रीलंका चुकता करना चाहेगा पिछली हार का हिसाब
- World Alzheimer’s Day : ब्लड टेस्ट से दशकों पहले मिल सकती है इस बीमारी को पहचानने में मदद- स्टडी
- SIR को लेकर MP निशिकांत दुबे ने हेमंत सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, ECI और CBI से जांच की मांग



