
देवघर: देश में कोरोना से उपजे हालात से सभी वाकिफ हैं। देवघर जिले का भी हाल कुछ ऐसा ही है। हर दूसरे घर में कोई न कोई कोरोना संक्रमित आपको मिल जायेगा। संक्रमितों में कई होम आइसोलेट होकर ठीक हो जा रहे तो कईयों को अस्पताल में इलाज की ज़रूरत पड़ रही। इस हैरान-परेशान करने वाले इस दौर में कोरोना संक्रमितों के साथ साथ उनके परिजन भी तकलीफ से गुजर रहे हैं। मरीजों के परिजनों को थोड़ी राहत देने की कोशिश गोड्डा लोकसभा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने की है।

अपने घर के सदस्य की जान बचाने की जद्दोजहद के बीच लोगों को न प्यास बुझाने की फ़िक्र है न ही खाने का होश। साथ ही कई परिवार ऐसे भी हैं जिनकी माली हालत इतनी मज़बूत नहीं कि अस्पताल के बाहर से भोजन खरीदकर अपनी भूख मिटा सकें। कोरोना के इस दौर में मानसिक और शारीरिक दोनों तरह से मजबूत रहना ज़रूरी है। इसी बात का ख्याल रखते हुए एमपी डॉ. निशिकांत दुबे ने अपने लोकसभा क्षेत्र के सभी अस्पतालों में निःशुल्क भोजन कराने की व्यवस्था की है। ये निशुल्क भोजन कोरोना मरीजों के परिजनों को कराई जाएगी।

डॉ. दुबे के सौजन्य से देवघर और गोड्डा जिले के अस्पतालों में कोरोना मरीजों के परिजनों को निःशुल्क भोजन कराने की शुरुआत शनिवार से होगी। निशिकांत दुबे ने इस बात की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकॉउंट के ज़रिये दी है। देवघर में ये कार्य देवघर भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण दास और गोड्डा में गोड्डा भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव मेहता के नेतृत्व में किया जायेगा। कोविड नियमों का पालन करते हुए हर रोज दोपहर 12.30 बजे से भोजन कराने की व्यवस्था की जाएगी।
सांसद निशिकांत दुबे के इस पहल की सभी सराहना कर रहे हैं। बता दें कि पिछले बार भी lockdown के दरम्यान सांसद द्वारा गरीबों व ज़रूरतमंदों के लिए भोजन और राशन की व्यवस्था की गयी थी।





