
►झारखण्ड में कोरोना पर काबू की कोशिश

►ट्रैवल हिस्ट्री के माध्यम से लोगों को किया जाएगा चिन्हित
रांची।

झारखंड (Jharkhand) में एक बार फिर से तेजी से कोरोना (Covid-19) पांव पसार रहा है। जिसे काबू करने के लिए नए निर्देश जारी किये गए हैं। राज्य के हेल्थ सेक्रटरी के.के सोन ने सभी जिलों में जांच की रफ्तार बढ़ाने और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कर मरीजों को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा झारखण्ड में केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, MP और छत्तीसगढ़ से आने वाले लोगों को कोरोना जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हेल्थ सेक्रेटरी ने शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में भीड़-भाड़ वाले इलाके में सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि इन इलाकों में हर हाल में कोविड के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। कंटेनमेंट जोन में संदिग्ध की जांच के साथ हर जिले में लक्ष्य के मुताबिक जांच होनी चाहिए। साथ ही सप्ताह में एक दिन हाई रिस्क मरीज या गंभीर बीमारियों वाले मरीजों की जांच के लिए सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही राज्य भर के CHC और PHC में पहुंचने वाले ऐसे मरीज जिनमें कोविड के प्राइमरी लक्षण हों उनकी भी जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर हाल में लक्षण वाले मरीजों की जांच अनिवार्य है।

हर जिले में लोगों से सीधे संपर्क में आने वाले कर्मचारियों व श्रमिकों की जांच भी विशेष जांच अभियान के माध्यम से कराने का निर्देश दिया गया है। हेल्थ सेक्रेटरी ने निर्देश दिया है कि ड्राइवर, बैंक स्टाफ, पोस्ट ऑफिस पर्सनल, नगर पालिका श्रमिक, हाट बजार, स्ट्रीट वेंडर्स, एयरपोर्ट, रेलवे आदि में कार्यरत कर्मियों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कराई जाए।
हेल्थ सेक्रेटरी केके सोन ने कहा कि कई जिलों से लिए गए सैंपल जांच के मानकों के अनुरूप नहीं होते हैं। ऐसा बिलकुल नहीं होना चाहिए। जो सैंपल कलेक्ट किए जाएं वो जांच के अनुरूप हों।




