देवघर।
साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। यही वजह है कि हर दूसरे दिन साइबर अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं। देवघर पुलिस ने जिले के करौं, मारगोमुण्डा, मोहनपुर और जसीडीह थाना क्षेत्र व पथरड्डा ओपी से दस साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
देवघर एसपी अश्विनी सिन्हा ने प्रेसवार्ता कर बताया कि 10 साइबर अपराधी अरेस्ट किये गए हैं। गिरफ्तार साइबर अपराधियों द्वारा साइबर ठगी की घटना को अंजाम देने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाते थे। गिरफ्तार साइबर अपराधियों के पास से 14 मोबाइल, 20 सिम कार्ड, 4 एटीएम, 4 पासबुक, 1 चेकबुक, 1 लैपटॉप, 1 बाइक, 1 स्कोर्पियो और एक कार बरामद किया गया है।
गिरफ्तार अपराधियों में रकीब अंसारी, अमीर अंसारी, मुरसलीम अंसारी, इस्माइल अंसारी, सूरज दास, करुण दास, दिलीप दास, फाल्गुनी मंडल, पवन तुरी और राज किशोर दास शामिल है। एसपी ने बताया कि इस कांड में गिरफ्तार फाल्गुनी मंडल का आपराधिक इतिहास रहा है।