
Deoghar : मोहनपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गयी। घटना को लेकर मृतक के पुत्र हरिमोहन कुमार यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी चरकी पहाड़ी, थाना मोहनपुर, जिला देवघर के आवेदन पर मोहनपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।

दर्ज मामले में हरिमोहन कुमार यादव ने बताया है कि 5 अगस्त की शाम करीब 6.30 बजे उनके पिता मनोज यादव मोहनपुर हटिया से सामान खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। इसी क्रम में जयपुर मोड़ से जोगिया मोड़ के बीच पप्पु यादव के घर के सामने पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने तेज व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पिता को जोरदार धक्का मार दिया।

ट्रक की टक्कर से मनोज यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गये। घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, देवघर लाया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उनका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गयी।
मामले में यह भी बताया गया है कि बाद में जानकारी मिली कि उक्त ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को भी धक्का मारा था और घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। घटना के संबंध में मृतक के पुत्र ने पुलिस से उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
मामले में कहा है कि वह पिता के दाह संस्कार एवं अन्य क्रियाकलाप में व्यस्त रहने के कारण घटना के संबंध में आवेदन बाद में दिया जा रहा है। मामले को लेकर मोहनपुर थाना पुलिस अज्ञात ट्रक एवं उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।



