रांची।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर झारखंड (Jharkhand) के तीन जिलों के DC को राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू (Governor Draupadi Murmu) ने सम्मानित किया।
रांची के आर्यभट्ठ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने बेहतर कार्य के लिए रांची के DC छवि रंजन, सिमडेगा DC सुशांत गौरव और पश्चिमी सिंहभूम के DC अरवा राजकमल को सम्मानित किया। तीनों को वोटर लिस्ट (Voter List) के बेहतर रिविजन (पुनरीक्षण) के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही राज्यपाल ने मतदाता जागरुकता में चुनाव आयोग की एंबेसडर रही पूर्व हॉकी खिलाड़ी अंशुता लकड़ा, पद्मश्री मुकुंद नायक और रंगकर्मी अजय मलकानी को भी सम्मानित किया। इसके अलावा वरिष्ठ मतदाताओं को भी सम्मानित किया गया।
लोकतंत्र का आधार जनमत और जनमत का साधन मतदान है: राज्यपाल
कार्यक्रम में राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने कहा कि लोकतंत्र का आधार जनमत है और जनमत का साधन मतदान है। मतदान के प्रति मतदाताओं की जागरूकता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते समय जाति, धर्म, भाषा संप्रदाय आदि के प्रलोभनों से दूर रहकर अपने अंतरात्मा की आवाज पर अपने मत का प्रयोग करें। राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने कहा कि सभी मतदाता सशक्त और जागरूक बनें। उन्होंने वैसे सभी योग्य मतदाताओं से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की भी अपील की जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं हैं।