देवघर।
कोरोना का साया इस बार गणतंत्र दिवस के उत्सव पर भी रहेगा। देवघर के0के0एन0 स्टेडियम में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस परेड में स्कूल-कॉलेज के स्टूडेंट्स शामिल नहीं होंगे। इसके साथ ही NCC, स्काउट गाइड की टुकड़ी भी परेड में शामिल नहीं होगी।
इस बार परेड में पुलिस बल, जैप-05, सशत्र पुलिस बल एवं होम गार्ड के जवान भाग लेंगे। इसके साथ ही खेल-कूद और सांस्कृतिक आयोजनों पर भी रोक लगा दी गई है। इस बार सिर्फ परेड और झांकियों के प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग पालन करते हुए तैयारियां करने का निर्देश दिया गया है।
26 जनवरी 2021 को झण्डोत्तोलन का मुख्य कार्यक्रम के0के0एन0 स्टेडियम, देवघर में सुबह 9:00 बजे से आयोजित की जायेगी। यह कार्यक्रम कोविड-19 के संदर्भ में सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में आयोजित होगा। मुख्य समारोह में पुलिस बल, जैप-05, सशत्र पुलिस बल एवं होम गार्ड के जवान परेड में भाग लेंगे। इसके लिए पूर्वाभ्यास 20 जनवरी से 23 जनवरी 2021 तक के0के0एन0 स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेल-कूद का आयोजन नहीं
देवघर DC मंजूनाथ भजंत्री द्वारा गणतंत्र दिवस को पूरे हर्सोल्लास एवं आत्म गौरव के साथ मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं। विभिन्न अधिकारियों को भिन्न-भिन्न जिम्मेवारियां सौंपी गयी है। कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के आलोक में मुख्य समारोह के लिए राष्ट्रगान दल में 18 वर्ष से उपर की छात्राएँ हीं भाग लेंगी। इसके लिए रमा देवी बाजला महिला कॉलेज, देवघर की छात्राओं का चयन किया गया है। इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेल-कूद का आयोजन नहीं किया जायेगा।
झाँकियों का प्रदर्शन सीमित
झाँकियों का प्रदर्शन सीमित संख्या में किया जायेगा। इसके लिए फायर ब्रिगेड, जिला जनसम्पर्क विभाग, जिला स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग, समाज कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास अभिकरण, उद्योग विभाग, एसबीआई कैशलेस, पर्यटन विभाग, बाबा मंदिर आदि को अनुमति प्रदान की गई है। झाँकियां सामाजिक सरोकार और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत होगी तथा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित करेगी।
बंद रहेगी शराब दुकानें
गणतंत्र दिवस के दिन शहर के प्रमुख स्थलों यथा-समाहरणालय परिसर, टावर चैक, गाँधी स्मारक, नेताजी स्मारक, सरदार पटेल, स्वामी विवेकानन्द, अम्बेदकर चैक, वीर कुँवर सिंह स्मारक, इंडोर स्टेडियम एवं टाउन हॉल में रंगीन रौशनियों से सजाए जाएंगे। शहर की विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जायेगी। गणतंत्र दिवस के दिन पूरे शहर में शराब की दूकानें बंद रहेगी।