
Deoghar News : साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ जिले की पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत साइबर थाना की पुलिस ने आठ साइबर ठगी के आरोपितों को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पकड़े गए आरोपितों के पास से आठ मोबाइल फोन व दस सिम कार्ड बरामद किया गया है। इनके पास से बरामद सिम कार्ड में से चार के खिलाफ पहले से साइबर ठगी की शिकायत प्रतिबिंब एप पर दर्ज है। इस आरोपितों को पुलिस द्वारा जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के पैसरपरु जंगल से पकड़ा गया है।

पकड़े गए आरोपितों में जिले के साथ थाना क्षेत्र के बभनकुंड गांव निवासी विक्रम दास, मधुपुर थाना क्षेत्र के गंगटी गांव निवासी गौतम दास, इसी थाना क्षेत्र के नबी बक्स रोड निवासी सुधांशु कुमार दास, जिले के सारठ थाना क्षेत्र के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के छाताकुरुम गांव निवासी नितेश यादव, इसी थाना क्षेत्र के गोबरशाला गांव निवासी कुंदन दास, घघरजोर गांव निवासी संजय कुमार दास और जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के सूढ़ियाबांधी गांव निवासी अमर कुमार दास व नीरज दास शामिल हैं।
पूछताछ के क्रम में इन आरोपितों ने बताया कि ये कृषि विभाग का पदाधिकारी बनकर लोगों को काल करते हैं। उसके बाद उन्हें पीएम किसान योजना व कृषि विभाग की अन्य योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर लिंक भेजकर उन्हें ठगी का शिकार बना लेते हैं।
वहीं ये लोग फर्जी बैंक अधिकारी बनकर भी लोगों को काल कर अपने झांसा में लेकर ठगी का शिकार बनाते हैं। छापेमारी दल में साइबर थाना के इंस्पेक्टर हरदियुस टोप्पो, एसआइ विरेन्द्र उरांव व देवीपुर थाना के पुलिस कर्मी शामिल थे।



