
Deoghar : एक बालक की हत्या करने के आरोप में देवघर केन्द्रीय कारा में उम्र कैद की सजा काट रहे एक बुजुर्ग कैदी की बीमारी के कारण मौत हो गई। मृतक 58 वर्षीय दिनेश्वर कोल जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के आमजो गांव का रहने वाला था।

वह लंबे समय से बीमार चल रहा था। हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए तीन अप्रैल को देवघर सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के क्रम में पांच अप्रैल को उसकी मौत हो गई।

रविवार को उसके शव का नियमानुसार मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। जिसमें डॉ प्रभात रजंन, डॉ चितरंजन पंकज और डॉ अमृश ठाकुर शामिल थे।
इस दौरान देवघर अंचल के सीओ अनिल कुमार को बतौर दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया था। वहीं पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई।
बताया जाता है कि वह 18 नवंबर 2018 से केन्द्रीय कारा में बंद था। उसके खिलाफ 2017 में देवीपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। उसके उपर अपने एक चचेरे भतीजे के नाबालिग बेटा की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या करने का आरोप था।
मृतक देवीपुर थाना क्षेत्र के करमाटांड गांव का रहने वाला था। इस आरोप में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। बाद में मामले में सुनवाई के बाद कोर्ट ने उसे उम्र कैद की सजा सुनाई थी। इसी आलोक में वह केन्द्रीय कारा में बंद था।



