
Deoghar : देवघर-दुमका मुख्य पथ पर लीला मंदिर के पास शनिवार को दिन में डयूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिस के आरक्षी को बाइक सवार ने धक्का मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल आरक्षी अरुण पासवान का हादसे में पैर टूट गया है।

घटना के संबंध में बताया गया कि आरक्षी वाहनों की चेकिंग डयूटी में तैनात था। सभी पुलिस कर्मियों वाहनों को रोककर जांच पड़ताल कर रहे थे। खासतौर हेलमेट नहीं पहनने वालों की विशेष जांच की जा रही थी। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आए। दोनों में से किसी ने हेलमेट नहीं पहना था।

पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। इसके बाद दोनों बाइक लेकर तेजी से भागने का प्रयास करने लगे। अरुण पासवान ने दौड़कर उनका पीछा कि तो बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में आरक्षी अरुण पासवान गिर गए और गंभीर रुप से घायल हो गए।
उनके एक पैर की हड्डी दो टुकड़ों में बंट गई। इस दौरान वहां माैजूद अन्य पुलिस वालों ने बाइक सहित दोनों युवकों को पकड़ा। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां से आरक्षी को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर किया जा रहा है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी व सहकर्मी घायल आरक्षी का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे।
घटना को लेकर दोनों बाइक सवार युवकों पर मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। दोनों बाइक सवार युवकों व बाइक को जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पकड़े गए आरोपित पंकज कुमार यादव व चुनचुन यादव सीमावर्ती बिहार के बांका जिला के कटोरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



