
Deoghar News : पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत पुलिस ने 31 अगस्त 2026 को छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल फोन व सिम कार्ड के माध्यम से साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि पथरड्डा ओपी क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट/अमेजन पे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर और पीएम किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम-पता

गिरफ्तार आरोपियों में मनीष कुमार, साकिन उबिया, थाना सारठ (पथरड्डा ओपी), अजय दास, साकिन बभनकुण्ड, थाना सारठ (पथरड्डा ओपी), प्रेम कुमार दास, साकिन तेतरिया, थाना कुण्डा, अमित दास, साकिन बभनकुण्ड, सिकन्दर दास, साकिन चोरमारा तथा शिवाशिष कुमार, ग्राम बरदेही, तीनों थाना सारठ (पथरड्डा ओपी), जिला देवघर शामिल हैं।
कैशबैक का झांसा देकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की अपराध शैली में फर्जी गूगल पे, फोनपे और पेटीएम कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देकर ठगी करना शामिल है। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस प्राप्त करने के बाद ठगी करने की बात सामने आई है।
08 मोबाइल व 09 सिम बरामद
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल आठ मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस की तकनीकी जांच के बाद जप्त मोबाइल नंबर एवं आईएमईआई नंबर के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज पाए जाने की बात सामने आई है।
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रेम कुमार दास पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 108/24 तथा 54/26 में आरोपित है। वहीं अभियुक्त सिकन्दर दास देवघर साइबर थाना कांड संख्या 72/23 में आरोपित रहा है।
इनकी रही छापेमारी में भूमिका
कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में पुनि अजय कुमार, साइबर थाना देवघर, पुअनि मोतीराम देवगम, पथरड्डा ओपी प्रभारी एवं पथरड्डा ओपी की टीम शामिल रही।



