
Deoghar : पुलिस के डर से बेखौफ अपराधी लगातार गृह चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे है। नगर थाना क्षेत्र के शहीद आश्रम रोड स्थित राजेंद्र नगर मोहल्ला निवासी संतोष कुमार पिता वृंदा शर्मा के घर से 20 लाख रुपये (दो लाख रुपये नकद व 18 लाख रुपये का जेवरात) चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है।

घटना के संबंध में गृहणी सीमा कुमारी ने बताया कि उनके पति किसी जरूरी काम के सिलसिले में देवघर से बाहर गए थे। घर में वह और उनका पुत्र बुधवार देर रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए। रात तकरीबन 12 बजे वह बाथरूम जाने के लिए उठी थी।

बाथरूम से आने के बाद वह साथ वाले कमरे को बंद कर अपने कमरे में जाकर सो गई। गुरुवार सुबह लगभग पांच बजे बच्चे को स्कूल भेजने के लिए उठी। कुछ काम के लिए जब उसने साथ वाले कमरे को खोला तो अंदर से बंद पाया। बाद में पुत्र के साथ कमरे के पीछे गई। पीछे जाने पर खिड़की में लगा जाली व राड टूटा हुआ पाया।
पुत्र को उसी खिड़की के सहारे कमरे के अंदर जाकर दरवाजा खोलने को कहा। पुत्र ने दरवाजा खोला तो वह कमरे के अंदर गई। कमरे की हालत काफी खराब थी। पूरा सामान बिखरा हुआ था। अलमीरा टूटा हुआ था। दीवान को भी उलट-पुलट कर दिया गया था।
छानबीन करने पर अलमीरा में रखा दो लाख रुपये नकद सहित जेवरात गायब था। चोरी गए जेवरातों में दो-दो भर का दो पीस सोने का चेन, गला का सेट, सोने का हार, सोने का तीन पतला चेन, 20 पीस सोने की अंगुठी, 10 पीस सोने की कानबाली, बच्चे का छह पीस सोने का लाकेट कूल वजन लगभग 310 ग्राम, एक हीरा की अंगूठी कीमत 90 हजार, सहित चांदी का का पायल, बिछिया, सिक्का, कटोरी, मछली, चम्मच कूल वजन 800 ग्राम जेवरात की चोरी कर ली गई थी।
सूचना के पाचं घंटा बाद भी घटनास्थल नहीं पहुंची पुलिस
सुबह पांच बजे पीड़ित के द्वारा नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई लेकिन सुबह 10 बजे तक पुलिस घटनास्थल नहीं पहुंची। वहीं पीड़ित ने घटना की जानकारी 100 नंबर भी दिया।
जहां से उसे थाना में लिखित सूचना देने की नसीहत दे दिया। वहीं जिस जगह घटना हुई। उससे महज डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर नगर थाना प्रभारी के रिश्तेदार का घर है।
जहां थाना प्रभारी का आवासन है। सूचना के बाद भी पुलिस की संवेदनहीनता लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।


