Deoghar News : मोहनपुर थाना क्षेत्र के चकरमा गांव में गुरुवार की देर शाम जहरीले सांप के डंसने से 38 वर्षीय महिला पूजा देवी की इलाज के दौरान देवघर सदर अस्पताल में मौत हो गई। मृतका चकरमा पंचायत की पूर्व मुखिया रही थीं। वर्तमान में वह विससूत्री सदस्य के रूप में कार्यरत थीं।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार की शाम पूजा देवी घर के बगल स्थित शिव मंदिर में बेल पेड़ की पूजा करने गई थीं। इसी दौरान उन्हें जहरीले सांप ने डंस लिया। घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।

यहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन कुछ देर बाद ही इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार की सुबह सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सदर अस्पताल परिसर में शव पहुंचने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा रहा और माहौल गमगीन हो गया।



