Deoghar : देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के कुमरडीह गांव निवासी दो किशोरों की मौत के मामले की जांच को लेकर शुक्रवार को रांची से फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम देवघर पहुंची। टीम के सदस्य कुंडा थाना पुलिस के साथ घटनास्थल पर गए और घटना से जुड़े तमाम बिंदुओं की छानबीन की।

इस दौरान घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया गया। फॉरेंसिक टीम ने हादसे की सभी संभावनाओं को जोड़ते हुए यह जानने का प्रयास किया कि घटना किस प्रकार और किन परिस्थितियों में हुई। इसके लिए घटनास्थल पर घटना का संभावित घटनाक्रम तैयार कर जांच की गई।

जांच के बाद टीम ने मृत किशोरों के स्वजनों से भी मुलाकात की और घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। हालांकि, फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम के किसी भी सदस्य ने पूरी जांच प्रक्रिया के संबंध में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
28 जुलाई को हुई थी घटना
बताया जाता है कि घटना 28 जुलाई की है। कुमरडीह गांव निवासी 14 वर्षीय कृष्णमुरारी और 16 वर्षीय अरविंद कुमार दास दोनों तपोवन मार्केट जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई।
बाद में चिहरधनिया गांव के समीप पानी से भरे एक गड्ढे से दोनों के शव बरामद किए गए। मृत किशोरों के स्वजनों ने हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से दोनों को गड्ढे में फेंके जाने की आशंका व्यक्त की थी।
इस संबंध में मामला दर्ज कराया गया था। मामले के अनुसंधान के क्रम में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी थी। अब फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई और जांच की दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद है।



