Deoghar : मोहनपुर थाना क्षेत्र के लेटवावरण गांव निवासी 55 वर्षीय नरेश यादव ने गांव के तीन लोगों समेत आठ अज्ञात व्यक्तियों पर रंगदारी मांगने, पिस्टल सटाकर रुपये छीनने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना 8 सितंबर की शाम करीब पांच बजे टाटा शोरूम के सामने स्थित चाय दुकान की बतायी गयी है।

मामले को लेकर नरेश यादव ने मोहनपुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में नरेश यादव ने कहा है कि वह चाय दुकान में बैठे थे।

इसी दौरान उनके गांव के अंग्रेज यादव उर्फ राजन (35), पिता गोविन्द महतो और राजेश यादव (32), पिता महेंद्र यादव, दोनों ग्राम लेटवावरण, आठ अज्ञात लोगों के साथ उनके पास पहुंचे। आरोप है कि अंग्रेज यादव उर्फ राजन ने उनसे पीने-खाने के लिए 1000 रुपये रंगदारी की मांग की।
नरेश यादव के अनुसार, रुपये देने से इनकार करने पर सभी लोग उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान संजय यादव (35), पिता मोहन यादव, ग्राम लेटवावरण भी वहां पहुंचा। शिकायत के मुताबिक संजय यादव ने सभी को आदेश दिया कि इसे जान से मार दो। आरोप है कि इसके बाद अंग्रेज यादव उर्फ राजन ने पिस्टल निकालकर नरेश यादव की कनपट्टी पर सटा दिया और उनकी जेब से 4500 रुपये निकाल लिये।
इसके बाद पिस्टल के बट से उनके बायें गाल पर वार किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सभी लोगों ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। नरेश यादव ने दर्ज कराये मामले में आरोप लगाया है कि उक्त लोग दबंग, लड़ाकू और अपराधी किस्म के हैं।
उन्होंने आशंका जतायी है कि आरोपित उनके साथ कभी भी अप्रिय घटना कर सकते हैं। उन्होंने थाना प्रभारी से मामले की छानबीन कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगायी है।



