
Madhupur (Deoghar) : दसवीं की छात्रा सृष्टि भारती को जहर खिलाकर मारने के मामले में नामजद आरोपी रितेश ने सोमवार को पुलिस हिरासत में हाई वोल्टेज ड्रामा किया। छात्रा सृष्टि की मौत के बाद पुलिस युवक को हिरासत में लेकर हिना अस्पताल में इलाज करा रही थी।

इसी क्रम में युवक शौच जाने के बहाने पुलिस को चकमा देकर शौचालय के वेंटिलेटर से अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर चढ़ गया। वह अस्पताल की ऊंची इमारत से कूदने का प्रयास करने लगा। सैकड़ों की संख्या में जमा लोग हैरान हो गए।

उपस्थित लोग युवक को नहीं कूदने का आग्रह करने लगे। इस बीच पुलिस प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन ने बड़ी सूझबूझ से छत पर जाकर युवक को पकड़ा और उसे नीचे उतारा। पुलिस ने जब उसे हिरासत में ले लिया तो लोगों ने राहत की सांस ली। युवक को गिरफ्तार कर पुलिस थाना ले गई।
क्या है पूरा मामला
दुमका जिले के जरमुंडी बसबुटिया गांव निवासी विकास कुमार यादव ने मधुपुर गड़िया निवासी रितेश कुमार दास पर दसवीं की छात्रा सृष्टि को बहला फुसलाकर जहर खिलाकर हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता ने पिपरासोल गांव निवासी पंकज कुमार यादव को भी सृष्टि भारती को मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।


