
Deoghar: श्रावणी मेला शुरू होने में महज 40 दिन शेष बचे हैं। ऐसे में देवघर जिला प्रशासन द्वारा बाबाधाम आने वाले तमाम श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दुरुस्त व्यवस्था की जा रही है। इसी के मद्देनजर शीघ्रदर्शनम व्यवस्था में सुधार करने के लिए अहम निर्णय लिए गए हैं।

श्रावणी मेला के दौरान उमड़ने वाली संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शीघ्रदर्शनम व्यवस्था में सुधार करने को लेकर सोमवार से नयी शुरुआत की जा रही है। शीघ्रदर्शनम कूपन जारी करने के लिए स्लॉट सिस्टम की शुरुआत हुई है। वहीं, काउंटर खोलने के समय में भी परिवर्तन किया गया है।

हर दिन सुबह साढ़े छह बजे खुलने वाला शीघ्रदर्शनम कूपन का काउंटर सोमवार को छह बजे से संचालित किया जा रहा है। साथ ही टाइम स्लॉट के हिसाब से शीघ्रदर्शनम कूपन जारी किया जा रहा है। कूपन की समय सिमा एक घंटे की है।
नई व्यवस्था के तहत पहले एक घंटे में एक हजार कूपन जारी करने का निर्णय लिया गया है। वहीं भीड़ अधिक रहने की स्थिति में दूसरे प्रति घंटे से छह से सात सौ कूपन जारी किया जायेगा और अगर इस बीच भीड़ पूरी तरह से कम होने पर कूपन की संख्या को एक हजार तक रखा जायेगा। साथ ही समन्वय समिति के सदस्यों से कूपन जारी करने के समय सहयोग कर रही है।



