Bhagalpur: जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र के बीरनौध चौक के समीप बीते रात्रि एक बजे एक ज्वेलरी शॉप से चोरी कर भाग रहे तीन चोरों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने पकड़ लिया है। इस दौरान ग्रामीणों ने चोरों जमकर पिटाई भी की गयी।

बताया जा रहा है कि पांच की संख्या में चोरों ने प्रमोद ज्वेलर्स की दुकान में देर रात लोहे के औजार से पहले दुकान का शटर को तोड़ तीन चोर अंदर घुसे और एक-एक कर दुकान से सोना और चांदी के आभूषणों को समेट लिया। वहीं दो चोर दुकान की बाहरी छोर में तैनात होकर निगरानी में लगे हुए थे।

इस मामले में ज्वेलरी शॉप के मालिक प्रमोद कुमार सोनी ने बताया कि देर रात उनकी दुकान में चोरी की वारदात को लेकर बगलगीर द्वारा मोबाइल पर सूचना दी गयी। सूचना पर उन्होंने मोबाइल के जरिये एक-एक कर लोगों को जुटाया फिर दुकान पहुंच कर 112 पर पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस की गाड़ी आता देख निगरानी में तैनात दो चोर फरार हो गए। लेकिन तीन चोरों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से गिरफ्त में लिया गया।
प्रमोद के मुताबिक पांच चोरों के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है, जिसमें चोरों ने सात भर सोना और तीन किलो चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया है। जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये बतायी जा रही है। सभी आभूषण फरार दोनों चोर अपने साथ ले गए।
इस दौरान पुलिस ने मौके पर से एक पिकअप वैन भी जब्त किया है। जिसे चोरों ने चोरी के लिए इस्तेमाल किया था। फिलहाल तीनों चोरों को पुलिस अपने साथ थाना लाकर पूछताछ में जुटी है और उनकी निशानदेही पर फरार चोरों की गिरफ्तारी और चुराए गए ज्वेलरी की बरामदगी में भी जुट गयी है।
(HS)



