Munger: मंहगाई के खिलाफ मुंगेर की महिलाओं का धैर्य सोमवार को टूट गया। महिलाओं ने मुखरता के साथ गैस सिलेंडर सिर पर उठा कर केन्द्र सरकार के खिलाफ आवाज़ बुलंद किया। जिसका नेतृत्व एनसीपी नेता संजय केशरी कर रहे थे। बेतहाशा महंगाई के खिलाफ दर्जनों महिलाएं चिलचिलाती धूप में सड़कों पर उतरीं और जमकर केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में महिला ने रोको महंगाई, बांधों दाम नहीं तो होगा चक्का जाम और जुमलेबाज केन्द्र सरकार हाय हाय नारे लगा रही थी।
आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए एनसीपी नेता संजय केशरी ने कहा कि बेतहाशा महंगाई की मार से महिला वर्ग खास परेशान हैं। खाद्य पदार्थ, दाल व तेल के आकाश छूते दामों ने बुरा हाल है। वहीं रसोई गैस का दाम ग्यारह सौ रुपए हो जाने से महिलाओं का आक्रोश चरम पर है।
महिला नेत्री संयुक्ता कुमारी ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि मोदीजी के अच्छे दिन का सबसे बड़ा शिकार हम महिलाओं को होना पड़ रहा है, इसलिए मोदीजी से विनती है कि अच्छे दिन के जुमलेबाजी से हम महिलाओं को माफ कर दीजिए। नहीं तो महिलाएं चुप नहीं बैठेंगी।