
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने असामाजिक तत्व सौरभ झा के खिलाफ घर में घुसकर उसकी पत्नी एवं नाबालिग बेटी से छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी देने और परिवार को लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

मामले में पुलिस से परिवार की सुरक्षा एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत के अनुसार सोमवार की शाम करीब चार बजे आरोपी जबरन घर की छत के रास्ते कमरे में घुस गया। आरोप है कि उसने महिला एवं नाबालिग बच्ची के साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ की।

विरोध करने पर उनका मुंह दबाकर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। घटना के दौरान पीसीआर-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई।शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी परिवार को धमकी देता रहा है। इस संबंध में 14 मई 2026 एवं 17 जुलाई 2026 को भी नगर थाना में शिकायत दी गई थी।
इसके बावजूद आरोपी की गतिविधियां नहीं रुकीं। आरोप है कि वह देर रात घर के आसपास आकर भय का माहौल बनाता रहा और शिकायत के बाद उसके परिजन भी प्रतिष्ठान पहुंचकर धमकी देकर गए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। उन्होंने पुलिस से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। नगर थाना पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।



