New Delhi : पाकिस्तान के सिंध प्रांत में कथित तौर पर ‘ऑनर किलिंग’ का एक और मामला सामने आया है। यहां अपनी पसंद से शादी करने वाले एक दंपति की सुक्कुर जिले में नेशनल हाईवे पर एक यात्री कोच के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात को ऑनर किलिंग के नाम पर अंजाम दिया गया। स्थानीय मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पाकिस्तान के अखबार ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक दंपति कराची जा रहा था। इसी दौरान विग गेट के पास अज्ञात हमलावरों ने यात्री कोच में उन पर गोलीबारी कर दी और मौके से फरार होने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलने के बाद बैजी शरीफ पुलिस मौके पर पहुंची और दो संदिग्धों अब्दुल मलिक समेजो और अब्दुल हनान समेजो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से एक रिपीटर शॉटगन भी बरामद की है।

मृतकों की पहचान सिदरा समेजो और दीदार शेख के रूप में हुई है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे की परिस्थितियों और कारणों का पता लगाया जा सके।
रिपोर्ट के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 को तैयार किए गए एक हलफनामे में सिदरा ने अपनी पिछली शादी का जिक्र किया था। दस्तावेज के अनुसार, उसकी शादी पहले अब्दुल हनान नामक व्यक्ति से हुई थी। सिदरा ने आरोप लगाया था कि उसका पूर्व पति उसके साथ दुर्व्यवहार करता था और 2024 में उसे तीन तलाक देकर तलाक दे दिया था। तलाक के बाद सिदरा के रिश्तेदार उस पर उसकी इच्छा के विरुद्ध किसी अन्य व्यक्ति से शादी करने का दबाव बना रहे थे। हलफनामे में सिदरा समेजो ने बताया था कि उसने अप्रैल 2026 में अपनी मर्जी से दीदार अली से शादी की थी। उसने अपने पूर्व पति और परिवार के अन्य सदस्यों सहित रिश्तेदारों से जान का खतरा होने की आशंका भी जताई थी।
पाकिस्तान में पसंद से शादी करने के मामले में हत्या की एक अन्य घटना भी हाल ही में सामने आई थी। 21 सितंबर को कराची के ओरंगी टाउन इलाके में 18 वर्षीय एक नवविवाहिता की कथित तौर पर उसके भाई ने हत्या कर दी थी। मोमिनाबाद थाने के एसएचओ शहबाज यूसुफ के अनुसार, मृतका की पहचान जरका बीबी के रूप में हुई थी। उसने अपनी पसंद से शादी की थी और करीब तीन सप्ताह पहले अपने पति के साथ रहने लगी थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में उसके परिवार के सदस्यों ने उसे ढूंढ लिया और औपचारिक विवाह समारोह कराने के बहाने वापस घर आने के लिए मना लिया। रिपोर्ट के अनुसार, जरका रविवार रात अपने माता-पिता के घर लौटी थी, जहां उसके भाई ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। शव को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान सफीर खान के रूप में की है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। (IANS)



