Ranchi: झारखंड में आने वाले दिनों में कनकनी बढ़ेगी। राजधानी रांची, लौहनगरी जमशेदपुर समेत कई जिलों का न्यूनतम तापमान इन दिनों सामान्य से अधिक हो गया है। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास स्थित मौसम केंद्र ने रविवार को यह जानकारी दी है। उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण ठंड बढ़ने की आशंका व्यक्त की गई है।
मौसम केंद्र के मुताबिक रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक है, जबकि जमशेदपुर में यह 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पलामू के डालटेनगंज और चाईबासा का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक हो गया। डालटेनगंज में यह सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है, तो पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में 3.1 डिग्री सेंटीग्रेड. सिर्फ बोकारो में तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है।
हालांकि, अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान गिरावट दर्ज की गयी है। रांची का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। वहीं, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। डालटेनगंज में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.8 डिग्री कम है।
इसी तरह बोकारो का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान यहां का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है।
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों तक रात के तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। उसके बाद अगले दो दिन तक तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी। इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेंटीग्रेड तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. 15 दिसंबर तक सुबह में कोहरा या धुंध छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहेगा। मौसम भी शुष्क ही रहेगा।
मौसम केंद्र ने रांची और आसपास के इलाकों के लिए कहा है कि 15 दिसंबर तक लोगों को सुबह में कोहरा और धुंध का सामना करना पड़ेगा। अधिकतम तापमान में ज्यादा परिवर्तन नहीं होगा लेकिन न्यूनतम तापमान में बदलाव देखा जा सकता है। 15 दिसंबर तक रांची का अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में 12 दिसंबर के बाद से गिरावट दर्ज की जायेगी। 14 और 15 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाने का अनुमान है।