
Ranchi: झारखंड में मौसम अपना मिजाज बदल रहा है। शाम होते ही धीरे-धीरे हल्की ठंड बढ़ने लगती है। लेकिन बढ़ती ठंड के साथ तेज बारिश की भी आशंका जतायी गयी है। इस बार की दीपावली में मौसम ठंड और बारिश दोनों का आनंद दे सकता है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि 24 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है, जो चक्रवात का रूप ले सकता है। ऐसे में 24 अक्टूबर यानि दीपावली को आकाश में बादल छाये रहने की संभावना है। यह चक्रवात बंगाल के रास्ते बांग्लादेश जा रहा है। इसका आंशिक असर झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में पड़ेगा। इससे रांची समेत, चाईबासा, जमशेदपुर में 25 अक्टूबर को हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया है कि ठंड अभी और बढ़ेगी। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। झारखंड के कुछ जिलों में हल्की और मध्यम दर्ज के बारिश की संभावना भी जतायी गयी है। राज्य के दक्षिणी तथा मध्य भागों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।



