Munger: पैदल बाबाधाम जा रहे कांवरियों पर करीब 10 कुत्तों के झुंड ने बड़ा हमला कर दिया। जिसमें 50 से ज्यादा कांवरिया घायल हो गए। जख्मी कांवरियों को पास के अस्पताल ले जाया गया । जहां वैक्सिन कम पड़ गयी।घटना बिहार (Bihar) के मुंगेर की है। कुत्तों का हमला तारापुर धर्मराय के पास सोमवार की सुबह हुआ।
जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग समूह में कांवरिये पैदल झारखंड के देवघर जा रहे थे। कुत्तों के झुंड ने सुबह पांच बजे से आठ बजे तक कांवरियो के इन समूहों पर हमला किया। इस हमले में 50 से 60 श्रद्धालु घायल हो गए। कुछ स्थानीय दुकानदारों और लोगों के भी घायल होने की खबर है। घायलों में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं सब शामिल हैं।
सभी घायलों को तारापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल ने बताया कि उसने अपने ग्रुप के साथ एक अगस्त की सुबह तारापुर से देवघर की पैदल यात्रा शुरू ही की थी कि कुत्तों के एक झुंड ने पूरे ग्रुप पर हमला कर दिया। एक कुत्ते ने उनके पैर पर काट लिया। जबकि अन्य साथी भी जख्मी हैं। पीड़ित ने बताया कि बाद में एक एंबुलेंस के जरिए पीड़ितों को पास के अस्पताल में ले जाया गया।
इधर तारापुर अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि कुत्तों के एक झुंड ने कांवड़ियों को घायल कर दिया है। शुरुआत में अस्पताल में 5 से 7 घायलों को लाया गया था। अस्पताल में मौजूद पांच से सात टीके उन्हें लगा दिए गए थे। बाद में घायलों की संख्या बढ़ती गई। सिंह ने बताया कि करीब 50 से 60 घायलों के अस्पताल लाया गया। जिन्हें कुत्तों ने काटा था।
बीएन सिंह ने बताया कि इतनी अधिक संख्या में घायलों को देखते हुए दूसरी जगहों से वैक्सीन मंगाई गई। उन्होंने जानकारी दी कि कुछ कांवडिये ज्यादा घायल हो गए। बाकी घायलों को इलाज के बाद रवाना कर दिया गया।
कुत्तों के हमले से जख्मी पीड़ित ने इस घटना के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। प्रशासन पर आरोप लगाते हुए उसने कहा कि प्रशासन ने इन आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए कुछ नहीं किया। पीड़ित ने कहा कि अगर इन कुत्तों को नियंत्रित नहीं किया गया, तो ये ना जाने कितने और लोगों को घायल कर देंगे।