
Giridih News : बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर 16 वर्षीय किशोर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद शव को तीन टुकड़ों में काटकर आरोपियों ने अपने घर के पीछे जमीन में दफना दिया था। गुरुवार को तलाश के दौरान इंसान का कटा हुआ पैर मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दंडाधिकारी की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव बरामद किया। मृतक की पहचान बिहार के जमुई जिले के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह निवासी मथुरा रविदास के 16 वर्षीय पुत्र मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने पहाड़पुर निवासी जगदीश दास, उसकी पत्नी और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एक साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

परिजनों के अनुसार मिथुन का जगदीश दास की बेटी के साथ करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि लड़की के बुलाने पर मिथुन रविवार को पहाड़पुर पहुंचा था। इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर घर बुलाया गया और उसकी हत्या कर दी गयी। परिजन अपने स्तर से मिथुन की तलाश कर रहे थे। बुधवार को उसके पिता भी पहाड़पुर पहुंचे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार को दोबारा तलाश के दौरान इंसान का कटा पैर मिला, जिसकी सूचना पुलिस को दी गयी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो जमीन में शव दफन होने की जानकारी सामने आयी। बताया जा रहा है कि दफन शव के कुछ हिस्सों को जंगली जानवरों या कुत्तों ने खींचकर बाहर निकाल दिया था। आसपास दुर्गंध फैलने के बाद लोगों को संदेह हुआ। आरोपी के घर के अंदर खून के धब्बे मिलने की बात भी सामने आयी है।
एसपी के निर्देश पर पहुंची पुलिस टीम
कटा पैर मिलने की सूचना एसपी डॉ. बिमल को दी गयी। इसके बाद एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, इंस्पेक्टर बमबम कुमार और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दंडाधिकारी की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव बरामद किया गया।
परिजनों के हंगामे से तनाव
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया और आरोपी के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आरोपियों को हिरासत में लिया। घटना के बाद पहाड़पुर गांव में तनाव की स्थिति बन गयी। वहीं मृतक के परिजनों के चीत्कार से घटनास्थल का माहौल गमगीन हो गया।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग में हत्या की बात सामने आयी है। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि हत्या के बाद शव को तीन टुकड़ों में बांट दिया गया था।



