Deoghar : नाबालिग युवती को शादी का झांसा देने, उसके साथ गलत हरकत करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

मामले में अंकित पोद्दार, रिंकु पोद्दार, अभिषेक पोद्दार, काजल देवी, अर्पित पोद्दार समेत अन्य के खिलाफ मारपीट, मोबाइल व नकद रुपये छीनने तथा धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में अंकित पोद्दार, पिता रिंकु पोद्दार, न्यू गितांजली, हिन्दी विद्यापीठ, देवघर के पास रहता है और शिकायतकर्ता का दूर का रिश्तेदार है।

आरोप है कि उसका घर आना-जाना था। इसी दौरान वह नाबालिग के साथ अकेले में गलत हरकत करता था और गलत वीडियो दिखाता था। चाय दुकान पर भी जाने और वहां गलत हरकत करने का आरोप लगाया गया है। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है।
आरोप है कि अंकित पोद्दार ने नाबालिग की मांग में सिंदूर डालकर वीडियो बना लिया तथा अश्लील फोटो भी खींचकर रख लिया। मामले में कहा गया है कि उक्त फोटो को अब वायरल किया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजन 2 सितंबर की रात करीब 10 बजे वीडियो दिखाकर पूछताछ करने उसके घर पहुंचे थे।
दर्ज मामले के अनुसार इसी बात से नाराज होकर आरोपितों ने लाठी, डंडा और ईंट से हमला कर दिय। आरोप है कि शिकायतकर्ता के माथे पर जान मारने की नीयत से डंडे से वार किया गया। पुत्र बचाने के लिए आगे आया तो उसके हाथ में चोट लगी। दोनों पुत्रियों के साथ भी मारपीट की गयी, जिससे अंदरूनी चोट लगने की बात कही गयी है।
मारपीट में अंकित पोद्दार, रिंकु पोद्दार, अभिषेक पोद्दार, काजल देवी, अर्पित पोद्दार, उसकी चाची और चचेरी बहन समेत अन्य अज्ञात लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा शिकायत में पुत्र का रेडमी मोबाइल, जिसमें जियो का सिम लगा था, तथा 10 हजार रुपये छीन लेने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने धमकी देते हुए कहा कि जहां जाना है जाओ, उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी।
मामले में बताया है कि नाबालिग पुत्री के साथ हुई घटना की जानकारी पहले भी साइबर थाना में दी गयी थी, लेकिन आवेदन पर अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के साथ साइबर थाना में दिये गये आवेदन की छायाप्रति और सदर अस्पताल में इलाज की पर्ची भी संलग्न करने की बात कही गयी है। मामले में आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की गयी है।



