
Deoghar: देवघर बैडमिंटन कोच यशराज गुप्ता द्वारा जिला खेल प्राधिकरण के सचिव और कोषाध्यक्ष पर लगाये गये मानसिक उत्पीड़न व वेतन में मनमर्जी कटौती के गंभीर आरोपों के बाद जिला खेल विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। विभाग की ओर से चार वर्षों के वित्तीय और प्रबंधन विवरण की मांग करते हुए डीएसए सचिव को शोकॉज नोटिस जारी कर जांच प्रक्रिया तेज कर दी गयी है। देवघर डीसी द्वारा मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय बैठक बुलाने का भी आदेश दिया गया है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करायी जा सकें।
डीएसए सचिव को शो-कॉज नोटिस

जिला खेल विभाग ने बैडमिंटन कोच के आरोप पर जिला खेल प्राधिकरण, देवघर के सचिव आशीष झा से जवाब-तलब किया है। प्रशासन की ओर से जिला खेल पदाधिकारी ने बीते माह के अंतिम सप्ताह में ही आशीष झा को शोकॉज नोटिस जारी कर चार वित्तीय वर्षों के दौरान इंडोर स्टेडियम में खर्च व प्रबंधन का पूरा ब्योरा जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
शो-कॉज पत्र में कई सवाल

प्रशासनिक निर्देश पर मामले की समीक्षा के बाद इंडोर स्टेडियम के रख-रखाव, सुविधाओं के संचालन तथा सरकारी व गैर-सरकारी अनुदान की उपयोगिता को लेकर कई सवाल उठ खड़े हुए हैं। इसे लेकर डीएसए सचिव से स्पष्ट जवाब मांगा गया है। जारी शोकॉज में कहा गया है कि वे अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2025 तक के दौरान इंडोर स्टेडियम में हुए खर्च, आय-व्यय, प्राप्त अनुदान, टिकट या किराया संग्रह और रखरखाव मद समेत सभी मदों का ब्यौरा जल्द प्रस्तुत करें। साथ ही इंडोर स्टेडियम का शाम चार बजे से सात बजे तक निजी प्रशिक्षण पर मंतव्य उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. इधर, सूत्रों की मानें तो इंडोर के अलावा केकेएन स्टेडियम का भी चार वर्षों का पूर्ण ब्यौरा मांगा है। प्रशासन का मानना है कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय व संचालन संबंधी तथ्यों का सार्वजनिक होना आवश्यक है। इस मामले में यदि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला, तो नियमों के तहत आगे की कार्रवाई तय की जायेगी।
जनता दरबार में भी शिकायत, DC ने दिया बैठक का आदेश
बैडमिंटन कोच यशराज गुप्ता ने उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के समक्ष जनता-दरबार में पुनः डीएसए सचिव द्वारा वेतन कटौती किये जाने व मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। हालाँकि इससे पहले शो कॉज पत्र खेल विभाग द्वारा डीएसए सचिव को भेजा जा चूका था। इस बीच डीसी के समक्ष मिली शिकायत पर उपायुक्त ने डीएसओ को जल्द ही इंडोर स्टेडियम व केकेएन स्टेडियम से जुड़े सभी स्टेक होल्डरों की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है।
स्टेक होल्डर्स में डीसी भी शामिल, बैठक की तारीख तय नहीं
गौरतलब है कि स्टेक होल्डर्स में उपायुक्त के अलावा डीडीसी, एसडीओ, डीएसओ, डीएसए सचिव, उक्त दोनों स्टेडियम परिसर में दुकान या प्रतिष्ठान संचालित करने वाले व्यवसायी व विभिन्न खेल से जुड़े खिलाड़ी भी शामिल हैं। हालांकि बैठक की तिथि अब तक निर्धारित नहीं हो सकी है।
मानसिक उत्पीड़न और वेतन कटौती का आरोप
बता दें कि बीते दिनों इंडोर स्टेडियम में संचालित बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र के कोच यशराज गुप्ता द्वारा डीएसए सचिव आशीष झा व कोषाध्यक्ष नवीन शर्मा पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उक्त प्रशिक्षण केंद्र से होने वाली आय को भी मनमाने ढंग से खर्च करने तथा कोच के वेतन में मनमाने तरीके से कटौती करने का भी आरोप है। साथ ही कोच द्वारा इंडोर स्टेडियम में निजी प्रशिक्षण के लिए चार घंटे का समय (शाम 04 बजे से 07 बजे – तक) की मांग की गयी है, जिसके एवज में कोच द्वारा भुगतान किये जाने पर सहमत है।


