
Deoghar: तमाम सियासी दांव-पेंच और हल्ला-हंगामा के बीच हेमंत सरकार ने देवघर के बाबा मंदिर (Baba Mandir) समेत तमाम मंदिरों को खोलने की इजाज़त तो दे दी है। आम भक्तों के मंदिर में प्रवेश और दर्शन को लेकर गुरुवार को जारी गाइडलाइंस के तहत इंतज़ाम करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

एक तरफ मंदिर खोलने के निर्णय से उत्साहित भक्त दूर-दराज से हर रोज़ बाबा बैद्यनाथ मंदिर की दरवाजे पर अपनी हाजरी लगाते दिख रहे हैं तो, दूसरी तरफ जिला प्रशासन तैयारियों का हवाला देकर अबतक पाबंदी जारी रखे हुए है। बताया जा रहा है कि, स्लॉट सिस्टम से लेकर मंदिर में आम भक्तों के प्रवेश और दर्शन से लेकर तमाम बातों पर बारीकी से मंथन किया जा रहा है।

सूत्रों की माने तो, मंदिर खुलने के बाद भी भक्तों को मुख्य मंदिर के भीतर शिवलिंग के दर्शन का सुख प्राप्त नहीं हो सकेगा क्योंकि, गाइडलाइंस के मुताबिक आर्घा सिस्टम को भी लागू करने पर विचार किया जा रहा है ताकि, मंदिर के भीतर भक्त एक जगह जमा न हो सकें। इतना ही नहीं, स्लॉट सिस्टम को ऑनलाइन कर लिंक भी जारी करने की बात कही जा रही है ताकि, श्रद्धालुओं को अपने स्लॉट में बुकिंग के साथ ही दर्शन में भी आसानी हो।

आपको बता दें कि, मंदिर से जुड़े तीर्थपुरोहित से लेकर तमाम व्यवसाय से जुड़े लोगों का सब्र भी अब जवाब देने लगा है, तो दूसरी तरफ व्यवसायियों ने मंदिर में एक घँटे पांच सौ लोगों को प्रवेश की इजाजत मांगी है।
बहरहाल, गुरुवार को जारी किए गए नए गाइडलाइंस की बारीकी को समझने और नियमानुसार उसे लागू करने के लिए लगातार बैठकों का दौर जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि, सभी पहलुओं पर कार्य पूर्ण करने के बाद बाबा मंदिर को सोमवार तक आम भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा।


