Deoghar: पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 26 अक्तूबर को 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर सारठ थाना क्षेत्र एवं पथरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर यह कार्रवाई की गयी।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन व सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पायी गयी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन और 14 सिम कार्ड बरामद किये हैं। तकनीकी जांच के बाद जब्त मोबाइल नंबर एवं आईएमईआई नंबर के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पायी गयी हैं।
गिरफ्तार आरोपी का नाम

शरीफ अंसारी, रिंकु अंसारी, नुरमोहम्मद अंसारी (सभी माथडंगाल, पालाजोरी थाना), नितिश कुमार (भिखोडीह, सोनारायठाड़ी थाना), राहुल कुमार (दुधवाजोरी, पथरड्डा थाना), निरंजन दास, मिथुन कुमार दास एवं सुरज कुमार दास (सभी पथरा), राहुल कुमार (ठेंगाडीह, पथरौल थाना), बबलु कुमार (पिछड़ीबाद डुमरिया) तथा मो. रियाज (बारानवादा, पथरड्डा ओपी), जिला देवघर।
इस तरह करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी गूगल पे , फोनपे एवं पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देकर ठगी करते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर ठगी की जाती थी। आरोपी फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर भी उपभोक्ताओं को झांसे में लेते थे। एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद होने की बात कहकर तथा कार्ड को दोबारा चालू कराने के नाम पर भी ठगी की जाती थी।
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास: मो. रियाज पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 38/23 में आरोपित है। वहीं बबलु कुमार देवघर साइबर थाना कांड संख्या 78/20 में आरोपित रहा है।
छापेमारी दल में थे शामिल
पुनि अमर कुमार राम, पुनि ललित खलखो (साइबर थाना देवघर), पुअनि मोतीराम (ओपी प्रभारी पथरड्डा), सअनि बागुन मारगी, मधुपुर थाना एवं पथरड्डा ओपी तथा सारठ थाना की टीम शामिल थी।



