
देवीपुर (देवघर): देवघर एम्स (Deoghar AIIMS) में ओपीडी (OPD) सेवा शुरू होने की खबर जैसे जैसे लोगों तक पहुंच रही है। वैसे-वैसे दूर-दराज से मरीज यहां पहुँच रहे हैं। अहले सुबह से ही लोग रजिस्ट्रेशन के लिए एम्स गेट के समक्ष पहुँच इंतज़ार कर रहे होते हैं। एम्स ओपीडी सेवा शुरू होने के दूसरे दिन भी ऐसे ही भीड़ दिखी।

न सिर्फ देवघर जिला बल्कि, देवघर से सटे दुमका, बिहार के चकाई, जमुई और बांका जिला से भी लोग एम्स ओपीडी में इलाज कराने पहुंच रहे हैं। दूसरे दिन भी दो सौ मरीजों का इलाज किया गया। जबकि करीब पांच सौ से अधिक लोग एम्स ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे थे।


दूसरे दिन एम्स में उमड़ी भीड़ को लेकर सांसद निशिकांत दुबे (Nishikant Dubey) ने भी ट्वीट कर ख़ुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा” प्रधानमंत्री @narendramodi जी की सौग़ात देवघर एम्स । कल ही तो खुला आज इतनी लम्बी लाईन । यह दृश्य मेरे जीवन को सफल बनाता है, सांसद बनने का मेरा मक़सद यही था कि ग़रीबों का अच्छा ईलाज हो, बाबा बैद्यनाथ जी ने प्रधानमंत्री जी से यह कार्य कराया । निशब्द। “
एम्स ओपीडी में जनरल फिजिशियन, चर्मरोग विशेषज्ञ, कान, नाक, गला रोग विशेषज्ञ, नेत्ररोग विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसुति रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जरी विभाग, शिशु रोग विशेषज्ञ व दंत रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक सलाह दे रहे हैं।
नाइट सेल्टर स्थित अमृत मेडिकल स्टोर से 20 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत रियायत पर मरीजों को दवाएं मिल रही है। कैंटीन की सुविधा आरंभ हो गयी है।

बता दें कि प्रबंधन ने पहले ही घोषणा की है कि दो घंटा रजिस्ट्रेशन होगा और सीमित संख्या 200 मरीजों को ही ओपीडी में चिकित्सीय परामर्श दी जाएगी। इसलिए बाकि बचे मरीजों को निराश होकर बैरंग लौटना पड़ा। वहीं, इलाज करा लौटने वाले मरीज संतुष्ट नजर आये।


