
Ranchi: बर्मिंघम (England) में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) के लिए झारखंड के पांच खिलाड़ी चयनित हुए हैं। आगामी 28 जुलाई से 8 अगस्त तक कॉमनवेल्थ गेम्स होने हैं। इसके लिए लॉन बॉल खेल में भारतीय टीम का चयन कर लिया गया है।

भारतीय टीम में कुल 10 सदस्य हैं। इनमें से आधे सदस्य झारखंड से ही हैं। पुरुष वर्ग में झारखंड के प्लेयर्स सुनील बहादुर, दिनेश कुमार (Jharkhand Police), चंदन कुमार सिंह को चुना गया है। यह जानकारी झारखंड लॉन बॉल संघ (Jharkhand Lawn Ball Association) के महासचिव सह भारतीय लॉन बॉल संघ के पूर्व प्रशिक्षक डॉ मधुकांत पाठक ने रविवार को दी है।

महिला वर्ग में रूपा रानी तिर्की (D.S.O, Ramgarh), लबली चौबे (Jharkhand Police) का चयन हुआ है। इन खिलाड़ियों का चयन विगत दिनों नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में बेहतर प्रदर्शन के बाद किया गया है।


