
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र में धपरा गैंग का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में बैद्यनाथ धाम रेलवे कॉलोनी निवासी रेलवे स्टाफ शिवम यादव से बदमाशों ने 6 हजार रुपये की छिनतई कर ली।

घटना बजरंगी चौक के पास उस समय हुई, जब वह बाजार स्थित लक्ष्मी मार्केट सामान खरीदने जा रहे थे। पीड़ित शिवम यादव ने बताया कि जैसे ही वह बजरंगी चौक के पास पहुंचे, तभी दो युवक उनके पास आए।

आरोप है कि एक युवक ने पीछे से पकड़कर उन्हें धक्का दिया, जबकि दूसरे युवक ने उनकी जेब से 6 हजार रुपये निकाल लिए। जब तक वह कुछ समझ पाते, दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद शिवम यादव नगर थाना पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।



