
Ranchi: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है. यह घटना रविवार की रात जामताड़ा जिले में हुई है. जानकारी के अनुसार सुजीत सिन्हा को रविवार को साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किया जाना था. इसी दौरान उसे कैदी वैन में बैठाकर जामताड़ा के रास्ते धनबाद ले जाया जा रहा था.

जैसे ही जामताड़ा जिला की सीमा में कैदी वैन पहुंची और सुजीत सिन्हा ने कहा कि उसे टॉयलेट जाना है. जिसके बाद कैदी वैन रुकी. इसके बाद सुजीत सिन्हा ने मौका देखते ही कैदी वैन में सवार एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन कर भागने लगा और फायरिंग करने लगा इसके बाद मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई जिसमें सुजीत सिन्हा मौके पर ही मारा गया.

झारखंड जेल प्रशासन ने गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को नौ अक्टूबर 2025 को मेदिनीनगर केंद्रीय कारा से साहिबगंज मंडल कारा में स्थानांतरित करने का आदेश जारी किया था.
यह कदम सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से उठाया गया था. पलामू पुलिस और मेदिनीनगर केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर जेल आइजी ने सुजीत सिन्हा के स्थानांतरण का निर्देश दिया गया था. आदेश जारी होने के बाद उसे साहिबगंज मंडल कारा में शिफ्ट किया गया था.
मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेडमा निवासी सुजीत सिन्हा का आपराधिक नेटवर्क झारखंड के कई जिलों में फैला है. उस पर रांची, हजारीबाग, लातेहार, चतरा, रामगढ़ और पलामू समेत विभिन्न जिलों में 60 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. केवल पलामू जिले में ही उसके खिलाफ 20 से अधिक मामले दर्ज हैं.



